जिले में अभियान चलाकर भूमाफियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। यह बात डीएम संजीव रंजन ने कही। वह बुधवार को शाम पांच बजे से कलक्ट्रेट सभागार में प्रारंभ हुई कानून व्यवस्था की बैठक में जिले भर के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
डीएम ने अफसरों से कहा कि जिले में किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं व बच्चों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। मानक के विपरीत संचालित ईंट-भट्ठों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसपी चक्रेश मिश्र ने कहा कि थानावार टॉप टेन अपराधियों पर पूरी निगरानी रखी जाए। गैंगस्टर, मर्डर व रेप आदि में लिप्त अपराधियों को चिह्नित किया जाए। मिशन शक्ति के तहत थानों में महिला बीट को सक्रिया किया जाए। खनन व सट्टा माफियाओं पर भी विशेष कार्रवाई की जाए। इस बीच एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी समेत जिले भर के एसडीएम व थाना प्रभारी मौजूद रहे।