बहजोई। माह नवंबर में शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित ग्राम सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह बात सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी को जारी किए गए पत्र में कही। बीते दिनों विकासखंड रजपुरा की कई ग्राम पंचायतों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान सीडीओ को शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं मिला।
मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी ने बताया कि 12 नवंबर को विकासखंड रजपुरा की ग्राम पंचायतों में निरीक्षण करने पर सामने आया कि करीब साढ़े सात माह बीत जाने के बाद भी ग्राम पंचायतों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वच्छ शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है। इससे साफ होता है कि विकासखंड की ग्राम पंचायतों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
सीडीओ ने बताया कि पूरे मामले में डीडीओ व डीपीआरओ को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि यदि माह नवंबर में शौचालय निर्माण का कार्य पूरा नहीं होता है, तो संबंधित सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।