संभल में कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मंदिर के शिलान्यास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित करेंगे। उन्होंने उच्च न्यायालय के निर्णय पर भी खुशी जाहिर की।
संभल के गांव ऐंचोड़ा कंबोह में स्थित श्री कल्कि धाम मंदिर के निर्माण से उच्च न्यायालय ने रोक हटा दी है। इस पर कल्कि धाम में खुशी का माहौल है। पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने मीडिया से बातचीत कर उच्च न्यायालय के निर्णय पर खुशी जाहिर की।
विज्ञापन
साथ ही अखिलेश यादव पर हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। आचार्य ने कहा कि दिसंबर 2016 में श्री कल्कि धाम के निर्माण पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए रोक लगवा दी थी। उन्होंने पाप किया था और करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई थी।
कहा कि उन्होंने जो पाप किया उसके लिए उन्हें क्षमा किया जाता है। संभल में कल्कि भगवान का अवतार होना है। श्री कल्कि धाम विश्व भर के हिंदुओं के लिए आस्था का केंद्र है। इसके निर्माण पर रोक लगाकर ठेस पहुंचाने का काम किया गया।
विज्ञापन
इस मंदिर का निर्माण कई वर्ष में पूरा होगा। आचार्य ने कहा कि वह मंदिर के शिलान्यास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य राजनेताओं को आमंत्रित करेंगे। जिससे शिलान्यास भव्य तरीके से हो सके।