संभल/रजपुरा। गांव दीपपुर डांडा के नजदीक बेकाबू बाइक सवार ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को रजपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार की सुबह सात बजे करीब रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव दीपपुर डांडा निवासी माया देवी (30) पत्नी दीनदयाल अपनी ननद के साथ शौच के लिए गई थीं। लौटते समय संभल-अनूपशहर मार्ग पर बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में मायादेवी गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। चीख पुकार होने पर आसपास के ग्रामीण आ गए और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन घायल को रजपुरा सीएचसी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाइक चालक की तलाश शुरू कर दी। महिला अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गई है। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।