गुन्नौर। कोतवाली क्षेत्र में मुरादाबाद आगरा हाईवे पर काली मंदिर के पास रविवार की शाम एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक की शिनाख्त धनारी क्षेत्र के गांव लहरा भूड़ निवासी हरज्ञान के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक दस दिन पहले पास के गांव के चार लोग शादी कराने के बहाने बुलाकर ले गए थे।
हाईवे पर गुन्नौर में काली मंदिर है। वहां रह रहे पुजारी ने करीब ढाई बजे हैंडपंप के पास एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़े देेखा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहचान कराने का प्रयास किया, पर कोई सफलता नहीं मिली।
सोमवार को परिजन अन्य ग्रामीणों के साथ ढूंढते हुए अस्पताल पहुंचे। वहां उसकी शिनाख्त थाना धनारी के गांव लहरा भूड़ निवासी हरज्ञान (40) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि युवक अविवाहित था। उसका छोटा भाई मानसिक रूप कमजोर है। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां व छोटा भाई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गुन्नौर क्षेत्र के गांव के चार लोग करीब दस दिन पहले आए थे। उसका विवाह कराने का आश्वासन दिया था। उस दौरान उसे अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह मृत अवस्था में काली मंदिर के पास पड़ा मिला है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।