चंदौसी। संभल जनपद में सम्मान निधि पाने वाले 1837 किसान अपात्र मिले हैं। सभी किसान आयकर रिटर्न दाखिल करने वाले हैं। आधार कार्ड से लिंक होने पर पकड़ में आए हैं। शासन ने कृषि विभाग को सूची भेजी है। विभाग का नोटिस मिलते ही कुछ किसानों ने 109 किश्तों की 2.18 लाख रुपये धनराशि वापस जमा करा दी है। नोटिस के बाद स्वत: सम्मान निधि वापस न करने पर विभाग लेखपाल के जरिये एक सूचना भिजवाएगा। इसके बाद भी सम्मान निधि वापस नहीं की, तो कार्रवाई होगी। इन किसानों से 1.48 करोड़ से अधिक की सम्मान निधि की वापसी होनी है।
संभल जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पोर्टल पर तीन लाख तीन हजार 471 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 2.91 लाख किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। लाभार्थी किसानों में कुछ अपात्र किसान भी शामिल हैं। शासन पहले भी कई बार अपात्र किसानों से स्वयं सम्मान निधि छोड़ने की बात कह चुका है। सम्मान निधि पाने वाले किसानों का डाटा उनके आधार कार्ड से जोड़ दिया गया है। आयकर विभाग की मदद से आधार से जुड़े डाटा को फिल्टर किया गया, तो जिले में 1837 किसान ऐसे मिले, जो आईटीआर दाखिल करते हैं, अथवा कभी न कभी आईटीआर दाखिल किया है। आयकर दाता किसान सम्मान निधि के लिए अपात्र की श्रेणी में आते हैं। शासन ने कृषि विभाग को डाटा भेजकर इन किसानों से सम्मान निधि वापस जमा कराने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग की ओर से अपात्र किसानों को नोटिस भेजा जा चुका है। साथ ही अपात्र किसानों का डाटा ब्लाकवार तहसीलों को भेजा चुका है। अभी तक 109 किश्तों की 2.18 लाख रुपये की सम्मान निधि किसान स्वयं वापस कर चुके हैं।
---------
1837 अपात्र किसानों पर 1.48 करोड़ की सम्मान निधि का बकाया
विभागीय रिकॉर्ड में 1837 अपात्र किसान सम्मान निधि का लाभ ले हैं। कुछ किसान एक, तो कुछ पांच किश्तों तक का लाभ ले चुके हैं। इन अपात्र किसानों को कुल 7442 किश्त मिल चुकी है। इन किश्तों की धनराशि एक करोड़, 48 लाख, 84 हजार रुपये की होती है।
------
स्वयं वापस करें सम्मान निधि, वरना वसूली को होगी कार्रवाई
अपात्र किसान स्वयं अपनी सम्मान निधि वापस कर दें। अपात्र का डाटा ब्लाकवार तहसीलों को भेजा जा चुका है। रिमाइंडर के तौर पर एक बार संबंधी लेखपाल किसानों के पास जाएगा। इसके बाद भी किसान सम्मान निधि वापस नहीं करते हैं, तो तहसील की ओर से रिकवरी का नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।
संभल जनपद में 3.03 लाख किसान सम्मान निधि ले रहे हैं। इनमें से कुछ अपात्र किसान भी सम्मान निधि ले रहे हैं। विभाग के सत्यापन में सात हजार किश्त अपात्र किसानों को भेज दी गई है। सात हजार किश्त की करीब 1.40 करोड़ रुपये की सम्मान निधि की रकम वापस कराई जाएगी। इसके लिए नोटिस जारी कर दिया गया है।
ओंकार सिंह, जिला कृषि अधिकारी संभल।