गागलहेड़ी (सहारनपुर)। युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने पर सनसनी फैल गई। युवक ने आत्महत्या की या फिर हत्या करके उसके शव को लटकाया गया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस इसकी जांच करने में लगी है।
भगवानपुर रोड पर स्थित ग्राम चौरा खुर्द में इंडियन ओवरसीज बैंक के पीछे ईख के खेत में युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। युवक की पहचान तालिब पुत्र जाहिद (21 वर्ष) निवासी बेहड़ी गुज्जर के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे तालिब के बड़े भाई जावेद ने बताया कि तालिब सहारनपुर अपने मामा के यहां रहकर सैलून की दुकान पर कार्य करता था। शुक्रवार को मामा को बिना बताए कही चला गया था। शनिवार दोपहर को ग्रामीणों से सूचना मिली कि तालिब का शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय, सीओ सदर अजेंद्र कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीण से पूछताछ कर जांच शुरू की।
सीओ सदर अजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।