छह फीट की दीवार कूदकर पत्नी ने खोला दरवाजा, मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पंजाबी बाग में एक युवक ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने ऐसा क्यों किया, इस बारे में परिजनों को भी जानकारी नहीं है। युवक की पत्नी ने छह फीट की दीवार कूदकर कमरे का दरवाजा खोला। युवक ने छत के कुंडे से चुनरी बांधकर फंदा लगाया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला पंजाबी बाग निवासी अक्षय (26) वाहन चलाता था, एक मकान में वह पत्नी संग रहता था जबकि उसके भाई का परिवार बराबर वाले कमरे में रहता है। कुछ ही दूरी पर दूसरे मकान में युवक की मां रहती है। रविवार की शाम अक्षय घर से निकल गया था। देर रात उसने फोन पर पत्नी से कहा कि वह शहर से बाहर जा रहा है और दो-तीन दिन में लौटेगा। इसलिए वह भाभी के साथ मां के मकान में चली जाए। पुलिस के मुताबिक जब युवक की पत्नी उसकी भाभी के साथ मां के मकान पर पहुंची तभी अक्षय ने दोबारा कॉल करके पत्नी से कहा कि अब वह किसी से कभी नहीं मिलेगा। इसके बाद पत्नी और उसकी भाभी ने कई बार कॉल की, लेकिन अक्षय ने कॉल रिसीव नहीं की। अनहोनी का शक होने पर अक्षय की पत्नी और भाभी वापस अपने मकान पर लौट आए, जहां पर मुख्य द्वार की अंदर से कुंडी लगी थी। तभी, उसकी पत्नी ने छह फीट की दीवार कूदकर अंदर गई तो अक्षय छत में लगे कुंडे में चुनरी बांधकर बनाए फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजन युवक ने आत्महत्या किस वजह से की है, इस बारे में कुछ नहीं बता पाए। सीओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।