चिलकाना में होलिका का पूजन करती महिलाएं
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान/चिलकाना/गंगोह (सहारनपुर)। जिले के देहात में होली का पर्व धार्मिक परंपराओं के अनुसार मनाया गया। महिलाओं ने अपने बच्चों संग होलिका की पूजा कर बच्चों की दीर्घायु होने की कामना की। छोटे छोटे बच्चे सूखे मेवों की माला गले में डाल कर पूजा स्थल तक पहुंचे।
रामपुर मनिहारान में होली के त्योहार पर माताओं ने अपने बच्चों की दीर्घायु होने की कामना को लेकर होलिका का पूजन किया। वहीं होली के त्योहार पर बच्चे भी अपने हाथों में रंगों से भरी पिचकारी लेकर मस्ती में सराबोर रहे।
चिलकाना में सुबह से बच्चे रंग लेकर एक दूसरे को लगा रहे थे। होली पूजन के लिए महिलाएं अपने बच्चों को साथ लेकर पूजा स्थल पर गईं। सूखे मेवे तथा गोबर के कंडों की माला गले में डाल कर बच्चे परिजनों के साथ होली स्थल पर आए। होली पर सभी गांवों में होली दहन स्थलों पर पुलिस तैनात रही।
गंगोह में होली के अवसर पर महिलाओं ने विभिन्न स्थानों पर होली का पूजन किया। राम बाग रोड पर ककराली सरोवर किनारे, गुलाम औलिया, महलतला, टांकान, कानूनगोयान, गुजरान, मोहम्मद गौरी, कोटला, मखदूम जहां आदि स्थानों पर सोमवार सुबह से ही महिलाएं बच्चों को साथ लेकर होली पूजन करने पहुंचीं। शाम तक श्रद्धा के साथ पूजन चलता रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाएं और बच्चे सज-धज कर होली पूजन करने पहुंचे। ढोल की थाप पर मस्तानों की टोली दिन भर धमाल मचाती रही। नगर पालिका परिषद ने भी होली स्थलों की सफाई करा चूना आदि का छिड़काव। देर शाम परंपरागत रूप से होली का दहन किया गया।