छुटमलपुर (सहारनपुर)। पीएनबी की शाखा के सामने किसान के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर दो बैंक प्रबंधकों सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने भी थाने पहुंच कर मृतक की पत्नी और परिजनों से बात कर उन्हें शासन से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उधर, किसान की आत्महत्या को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी यूपी सरकार को घेरते हुए ट्वीट किया है।
शनिवार की देर शाम अल्लीवाला गांव के किसान पचास वर्षीय वेदपाल पुत्र मेहर सिंह ने पीएनबी फतेहपुर भादो के सामने पेड़ पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। किसान की जेब से निकले सुसाइड नोट में बैंक प्रबंधक और दलालों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया गया था। सोमवार को मृतक की पत्नी गीता उर्फ बीता अपने दस साल के बेटे और परिजनों के साथ थाने पहुंची। जहां उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पीएनबी के मैनेजर राकेश चौहान, यूबीआई के मैनेजर एनके कटारिया, महेंद्र एजेंसी के प्रबंधक, दलाल बताए जा रहे कमालपुर निवासी किरणपाल, औरंगाबाद के संजय एवं राज कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
किसान की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ने के बाद सुबह करीब 11 बजे जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसडीएम बेहट देवेंद्र पांडेय और तहसीलदार हर्ष चावला के साथ थाने पहुंचे। यहां उन्होंने थानाध्यक्ष को सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने के साथ ही मृतक की पत्नी बीता और भाई सोहनवीर एवं ओमकार सिंह से बात की। परिजनों ने बच्चे का प्रवेश नवोदय स्कूल में कराने, पत्नी के लिए कोई चतुर्थ श्रेणी की नौकरी, राशन कार्ड, बेटी की शादी का अनुदान दिलाने, बैंकों का कर्ज माफ कराने आदि की मांग डीएम से की। जिलाधिकारी ने राशन कार्ड बनवाने के लिए मौके पर ही एआरओ से बात की, जबकि शादी अनुदान के लिए उन्होंने एसडीएम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। डीएम ने आश्वासन दिया कि बाकी मांगों पर विचार के साथ ही मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने का काम किया जाएगा।
प्रियंका ने ट्वीट कर प्रदेश सरकार को घेरा
किसान की आत्महत्या के मामले की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर यूपी सरकार को घेरते हुए कहा कि सहारनपुर के इस किसान पर मात्र एक लाख चालीस हजार रुपये का लोन था, लेकिन बैंक ने इस किसान को इतना प्रताड़ित किया कि उन्होंने बैंक के सामने आत्महत्या कर ली। यूपी में हर जगह यही हाल है। छोटे छोटे लोनों के लिए किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उधर, क्षेत्रीय विधायक नरेश सैनी ने भी मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
भाकियू जिला अध्यक्ष चरण सिंह ने थानाध्यक्ष अमित शर्मा ने भेंट कर मृतक किसान के प्रकरण में नामजद आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए भाकियू किसी भी आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी। इस दौरान डॉ. राजबीर सिंह, अजय कांबोज, नरेश स्वामी, रघुबीर सिंह, चौ. पदम सिंह आदि मौजूद रहे।
सहारनपुर: किसान सुसाइड: थानाध्यक्ष से कार्रवाई के लिए मिलते भाकियू जिला अध्यक्ष चौ चरण सिंह- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर: किसान सुसाइड: फतेहपुर थाने में किसान नेताओं और परिजनों से बात करते डीएम अखिलेश सिंह- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर: किसान सुसाइड: फतेहपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची मृतक किसान की पत्नि और परिजन- फोटो : SAHARANPUR