गागलहेड़ी(सहारनपुर)। नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला को उसकी मौसी ने दो लोगों के साथ मिलकर मांडेबास निवासी नोनीश को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट करते हुए उसे बंधक बना कर रखा गया। किसी तरह उनके चंगुल से छूटी महिला थाने पहुंची। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए मौसी सहित चारों आराेपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तराखंड निवासी पीड़िता बुधवार को थाने पहुंची। बताया कि उसकी मौसी निवासी ऋषिकेश ने राहुल निवासी घडकोली, आदेश निवासी तिवड़ा थाना बेहट के साथ मिलकर उसे नौकरी दिलाने के बहाने डेढ़ लाख रुपये में नोनीश उर्फ अज्जू निवासी मांडेबांस को बेच दिया। पीड़िता को जब इसका पता चला तो उसने विरोध किया और अपने घर जाने लगी। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे कमरे में बंधक बना लिया। उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए उसका शारीरिक शोषण किया। किसी तरह पीड़िता ने बंधन मुक्त होकर थाने पहुंच पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए चारों आरोपियों को हरोड़ा ओवरब्रिज के नीचे से पकड़ लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।