नानौता (सहारनपुर)। विद्युत निगम ने महिला के नाम दो लाख रुपये का नलकूप का बिल भेजते हुए उसकी तहसील से आरसी भी जारी करा दी। इसे देखकर महिला किसान की तबीयत बिगड गई। महिला पर मात्र साढ़े आठ हजार रुपये का ही बिल बकाया है। इतना ही नहीं महिला के नाम पर एक ही खेत में दो बिजली कनेक्शन भी विभाग ने दर्शा रखे हैं। पीड़ित महिला किसान ने इस मामले में एक्सईएन को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
नानौता नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी व महिला किसान संतोष देवी (72 वर्ष) पत्नी इंद्रवीर सिंह बीमार रहते हैं। जिनका इलाज हायर सेंटर पर चल रहा है। महिला का आरोप है कि वह हायर सेंटर से दवाई लेकर घर लौटी थी कि इसी दौरान उनके घर पर तहसील का अमीन आरसी लेकर पहुंचा। इसमें लिखा गया था कि आप पर विद्युत विभाग का एक लाख 76 हजार 513 रुपये बकाया है। जिस पर 10 प्रतिशत पेनाल्टी के हिसाब से करीब दो लाख रुपये आपको 15 दिनों में जमा करने होंगे। आरसी को देखकर महिला किसान संतोष देवी की तबीयत बिगड गई। किसान संतोष देवी के पति इन्द्रवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने पत्नी के नाम से नलकूप के लिए विद्युत कनेक्शन ले रखा है। जिसका बिजली बिल मार्च 2020 में 4821 रुपये जमा कर दिए गए थे। उन पर बकाया 8455 रुपये हैं। बृहस्पतिवार को महिला किसान द्वारा एक्सईएन दफ्तर पहुंचकर इस संबंध में शिकायत की गई, तो उन्हें पता चला कि उनके पति के नाम पर इसी खेत में नलकूप का एक और कनेक्शन दर्शा रखा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि, जबकि एक ही खेत में दो नामों से बिजली नलकूप कनेक्शन जारी भी नहीं किया जा सकता है। उधर, अवर अभियंता जितेन्द्र कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।