रामपुर मनिहारान। दिल्ली हाईवे पर स्थित साढ़ोली दुलीचंदपुर के पास घास लेकर अपने घर लौट रहीं महिलाओं को छोटे हाथी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से दो को जिला अस्पताल भर्ती में कराया गया है।
बुधवार की दोपहर गांव साढ़ोली दुलीचंदपुर की नीता पत्नी सुरेंद्र, रोशनी पत्नी सतपाल, सुमन पत्नी मांगेराम, शिवानी पुत्री सुरेंद्र खेत से घास लेकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान हाईवे पर तेज रफ्तार दौड़ रहे छोटा हाथी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने दूसरे वाहन चालकों की मदद से घायलों को रामपुर मनिहारान सीएचसी भिजवाया। जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में रोशनी, नीता और शिवानी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में नीता (40) ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सुमन पत्नी मांगेराम को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि छोटे हाथी वाहन के चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।