सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में सड़क के गड्ढे में बाइक का पहिया आने से हुए हादसे में 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। बेटा उन्हें लेकर गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला अपने बेटे के साथ भतीजे की तेरहवीं में शामिल होने के लिए ननिहाल गांव कलसी जा रही थीं। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। पीछे 18 वर्षीय बेटा और 14 वर्षीय बेटी रह गए हैं।
गड्ढे में पहिया आने से अनियंत्रित हुई बाइक
शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के गांव ग्याना माजरा निवासी पिंकी (42) अपने बेटे सूर्यांश के साथ बाइक से गांव कलसी आ रही थीं। गांव कलसी में उनके परिवार में भतीजे की तेरहवीं थी। सीएचसी में बेटे सूर्यांश ने बताया कि गांव रादौर से आगे सड़क पर बने गड्ढे में बाइक का पहिया चला गया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और उसकी मां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बेटे ने राहगीरों से मांगी मदद
हादसे के बाद सूर्यांश ने अपनी मां को सड़क किनारे लिटाया और मदद के लिए 112 नंबर पर फोन करने का प्रयास किया, लेकिन मदद नहीं मिल सकी। इसके बाद उसने सड़क से गुजर रहे वाहनों को रुकवाने की कोशिश की। एक कार सवार की मदद से वह मां को गंगोह सीएचसी लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पिंकी को मृत घोषित कर दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
पिंकी के बड़े भाई हरपाल ने बताया कि उनके परिवार में 18 वर्षीय बेटा सूर्यांश और 14 वर्षीय बेटी सोनाक्षी हैं। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया। परिवार के लोग हादसे की खबर मिलने के बाद से गहरे सदमे में हैं।
सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।