साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। विकास खंड साढौली कदीम में ब्लाक प्रमुख पद पर भाजपा प्रत्याशी चौधरी विश्वास ने सात मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। उन्हें 53 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सुमन पत्नी गुरदयाल को 46 मत मिले।
ब्लाक प्रमुख पद के लिए शनिवार को ब्लाक कार्यालय पर सुबह 11 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ। खंड विकास अधिकारी रविप्रकाश सिंह ने बताया कि क्षेत्र पंचायत के 101 मतों में से चौधरी विश्वास को 53, सुमन को 46 और विश्वास कुमार को एक मत मिला। वहीं एक मत निरस्त हुआ।
मतदान के बीच वोटों को लेकर कई बार पुलिस प्रशासन से नोकझोंक भी हुई। निर्दलीय प्रत्याशी सुमन पत्नी गुरदयाल ने आरोप लगाया कि उनके किसी भी मतदाता को सहायक नहीं दिया जा रहा है जबकि सत्तापक्ष के प्रत्येक मतदाता को सहायक दिया जा रहा है। हालांकि अधिकारी इन आरोपों का खंडन करते रहे।
डीएम अखिलेश सिंह, एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने भी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। जबकि एसडीएम बेहट दीप्ति देव और सीओ बेहट रामकरण सिंह मतगणना संपन्न होने तक केंद्र पर रहे।
बस में बैठाकर लाए गए बीडीसी
मतदाताओं को अपने पक्ष में करने को लेकर पिछले कई दिन से काफी जद्दोजहद चल रही थी। निर्दलीय प्रत्याशी ने सत्ता पक्ष पर बार बार बीडीसी के अपहरण के आरोप भी लगाए। वहीं, शनिवार को भाजपा प्रत्याशी अपने पक्ष के मतदाताओं को बस में बैठाकर लाए तो कुछ को कार से भी लाया गया। यह वाहन ब्लॉक कार्यालय तक पहुंचे।