सरसावा (सहारनपुर)। वायरल बुखार का कहर लगातार बढ़ रहा है। अभी तक जहां इंसान ही वायरल बुखार से जूझ रहे थे। अब बुखार ने दुधारू पशुओं को भी अपनी चपेट में ले लिया है। ग्राम कुतुबपुर निवासी तथा सरसावा देहात मंडल अध्यक्ष अमरीश राणा के गर्भवती गाय तथा गर्भवती भैंस सहित चार पशु वायरल बुखार के चलते मर चुके हैं।
अमरीश राणा ने बताया अचानक दुधारू पशुओं को किसी बीमारी ने घेरा और कुछ ही दिनों में उनकी मौत हो गई। जबकि गांव में कई लोगों के दुधारू मवेशी बीमार अवस्था में हैं। जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सकों की टीम ग्राम कुतुबपुर पहुंची तथा पशुओं के बैठने के स्थान पर साफ सफाई करवा कर चूना आदि का छिड़काव कराया तथा ग्रामीणों को पशुओं की बीमारी के प्रति जागरूक किया।
सरसावा पशु चिकित्सा केंद्र के अधीक्षक डॉ. पी के गुप्ता ने बताया कि इस समय वायरल बुखार के चलते पशु बीमार हो रहे हैं। पशुओं के बेहतर इलाज के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पशु चिकित्सा केंद्र में पर्याप्त मात्रा में पशुओं संबंधित दवा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पशुओं को झोलाछाप डॉक्टरों को ना दिखा कर सरकारी पशु चिकित्सा केंद्र पर तत्काल संपर्क करें, वहां उनके पशुओं को बेहतर इलाज के साथ अच्छी तथा संतुलित मात्रा में दवा दी जाएंगी। डॉ. गुप्ता ने बताया कि अधिकतर लोग सरकारी चिकित्सा केंद्र पर संपर्क ना कर गांव के डॉक्टरों से ही संपर्क करते हैं और जब तक उनके पास केस आता है वह बिगड़ चुका होता है। पशुओं में मुंहपका खुरपका टीकाकरण के विषय में डॉ. गुप्ता ने बताया जल्द अभियान चलेगा।