-बृहस्पतिवार को 13,976 किशोरों सहित कुल 33,290 लोगों ने लगाया कोविड टीका
-मंडलायुक्त ने कई विद्यालयों में जाकर किशोरों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण को गति देने के लिए बृहस्पतिवार को कईं माध्यमिक विद्यालयों में टीकाकरण हुआ, जहां 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम खुद कई स्कूलों में गए और किशोरों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया। इसका असर यह हुआ है कि जिले भर में एक ही दिन में 13,976 किशोरों ने टीका लगवाया। बृहस्तिवार को टीकाकरण में सामान्य तौर पर भी उछाल देखने को मिला है। बृहस्पतिवार को 60,500 लोगों के सापेक्ष कुल 33,290 लोगों ने वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक ली, जबकि बीते करीब एक माह से प्रतिदिन लक्षित 68,500 के सापेक्ष 20 से 22 हजार ही लोग टीका लगवा रहे थे।
टीकाकरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम बृहस्पतिवार की सुबह पहले रेनबो पब्लिक स्कूल और उसके बाद गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों को मंच से संबोधित करते हुए कोरोना से बचने के लिए सावधानी बरतने तथा 15 से 18 वर्ष की आयु तक के विद्यार्थियों से टीका लगवाने की अपील की। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त को माध्यमिक विद्यालयों में 15 से 18 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के टीकाकरण के लिए शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए। नगर के एसएएम इंटर कॉलेज में भी टीकाकरण शिविर लगाया गया। पहले दिन 250 से अधिक विद्यार्थियों ने वैक्सीन की पहली खुराक ली। यहां प्रधानाचार्य मनोज कुमार काकरान, शिक्षक ब्रिजेश पुंडीर सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे। किशोरों के टीकाकरण में बृहस्पतिवार को भारी बढ़ोत्तरी रही है। पहले दिन तीन जनवरी को जहां जिले भर में 887 किशोरों ने टीका लगवाया था, वहीं छह जनवरी को 13,976 किशोरों ने टीका लगवाया। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनपद में बृहस्पतिवार को कुल 447 बूथों पर टीकाकरण कराया गया। कुल 60,500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, 15 से अधिक आयु के सभी लोग शामिल थे। इनके सापेक्ष 33,290 लोगों ने टीका लगवाया।