सहारनपुर। शहर सटे गांव मानकमऊ में दुकान खाली कराने को लेकर मालिक और किराएदार में विवाद होने के साथ हंगामा हुआ। आरोप है कि दुकान में रखी धार्मिक किताब को सड़क पर रख दिया गया। थाना कुतुबशेर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव मानकमऊ में डॉ. शाहनवाज का मकान और कुछ दुकानें हैं। उन्होंने अपनी एक दुकान मोहम्मद आसिफ को किराए पर दी थी। पुलिस के मुताबिक 11 महीने का एग्रीमेंट पूरा होने पर आसिफ ने दुकान खाली नहीं की और न ही किराया दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी। मकान मालिक ने दीवार तोड़कर दुकान में रखा सामान सड़क पर रखकर दुकान खाली कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर समाजसेवी हाफिज मोहम्मद उवैस मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि धार्मिक पुस्तक को भी सड़क पर रखा गया है, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और चौकी इंचार्ज पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। सीओ प्रथम चंद्रपाल शर्मा का कहना है कि दुकान मालिक व किराएदार के बीच विवाद हुआ था। किराएदार दुकान खाली नहीं कर रखा था। धार्मिक किताब सड़क पर रखने की कोई बात नहीं है। पुलिस पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।