सहारनपुर। शहीद भगत सिंह की हमास से कथित तुलना वाले बयान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसके तहत सांसद इमरान मसूद के खिलाफ विरोध- प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को एक युवक खुद को जंजीरों में जकड़कर इमरान मसूद के आवास पर पहुंच गया। युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक साक्षात्कार के दौरान शहीद भगत सिंह का नाम हमास के साथ लिया था। इसके बाद से ही लगातार विरोध-प्रदर्शन जारी है। बृहस्पतिवार को शामली से विजय हिंदुस्तानी नाम का युवक अंबाला रोड स्थित सांसद के आवास के बाहर पहुंच गया। पुलिस को उसके आने की भनक पहले ही लग गई थी।
वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, लेकिन युवक खेतों के रास्ते घर के बाहर तक पहुंच गया। युवक ने खुद को जंजीरों में जकड़ रखा था।
उसका कहना था कि शहीद भगत सिंह की तुलना हमास से क्यों की गई, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामला बढ़ता देख पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और उसे कुतुबशेर थाने ले आई।