खुशी में एक-दूसरे को लड्डू खिलाते किसान।
- फोटो : amar ujala
किसान आंदोलन रंग लाया और कृषि कानून वापस हो गए। करीब एक वर्ष से चल रहे इस आंदोलन में सहारनपुर जिले के किसानों ने भी धार दी हैं।
सहारनपुर जिले में भाकियू कार्यकर्ताओं ने कई बार जाम लगाया, दो बार ट्रेन रोकी। साथ ही ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। इसके अलावा जनपद के किसान लगातार गाजीपुर बॉर्डर पर भी बड़ी संख्या में भागेदारी कर रहे हैं। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा की। इससे किसानों में उत्साह तो है लेकिन वे अन्य मांगों को भी पूरा कराना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: मर्डर की तस्वीरें: सराफ को दिनदहाड़े चाकू से गोदकर मार डाला, सामने आई अनैतिक संबंध की बात, खौफनाक है वारदात
पिछले एक वर्ष में जिले में भारतीय किसान यूनियन सहित अन्य किसान संगठनों ने सड़क जाम करने, टोल फ्री कराने, ट्रैक्टर मार्च निकालने से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे हैं। भाकियू के जिला महासचिव चौधरी अशोक कुमार ने बताया कि करीब एक वर्ष की आंदोलन की अवधि में गागलहेड़ी से गांधी पार्क तक ट्रैक्टर रैली निकाली गई। करीब छह बार शाहजहांपुर, रामपुर मनिहारान, नागल और छुटमलपुर आदि में जाम लगाए गए। दो बार टपरी जंक्शन पर ट्रेन भी रोकी गई।
यह भी पढ़ें: यूपी में ताबड़तोड़ हत्याएं: मंत्री और अफसरों के दावों की खुल रही पोल, हाईवे पर हो रहे दिनदहाड़े कत्ल, सबूत हैं ये तस्वीरें
उन्होंने कहा कि दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर चल रहे आंदोलन में सहारनपुर जनपद के किसान लगातार बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।