सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में नगीना सांसद चंद्रशेखर।
- फोटो : अमर उजाला
नगीना सांसद एवं आसपा प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट है। हर दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी कुर्सी पर बैठ कर क्या कर रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद देहरादून रोड स्थित संत रविदास छात्रावास पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ में पुलिस ने एक दलित युवक की हत्या कर दी। मुख्यमंत्री या उनका कोई मंत्री पीड़ित के घर तक नहीं पहुंचा। इससे उनके दलित प्रेम का पता चलता है। उन्होंने बहराइच के चार लोगों की हत्या की घटना तथा विधायक को थप्पड़ मारने के प्रकरण में दोषियों पर अभी तक कार्रवाई नहीं होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। आठ साल से योगी की सरकार है, वह क्या कर रहे हैं।
एक सवाल के जवाब में चंद्रशेखर ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद न बिकेगा न झुकेगा। उन्होंने कहा कि जहां समाज का मान सम्मान न हो, वहां वह मंत्री जैसे पद को जूते की नोक पर रखते हैं। साथ ही कहा कि वह मेहनत कर सत्ता तक पहुंचेंगे। महाराष्ट्र में बाबा सिद्दीकी की हत्या को लेकर उन्होंने महाराष्ट्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो सरकार उद्यमियों और मंत्रियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है, वह आम जनता की क्या सुरक्षा करेगी।
पत्रकार वार्ता के बाद उन्होंने छात्रावास परिसर में ही आयोजित सभा को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं की ओर इशारा करते हुए पूछा कि सरकार आपके रोजगार के लिए क्या कर रही है। साथ ही अपनी पार्टी के एजेंडे को लोगों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि वह ऐसा शासन चाहते हैं, जिसमें लोगों के पास काम हो। गरीब और अमीर का बच्चा एक जैसे स्कूल में बैठकर पढ़े। सभी के लिए मुफ्त इलाज हो। इस दौरान चंद्रशेखर ने बीएमपी के राष्ट्रीय महासचिव इंजीनियर डीपी सिंह को आजाद समाज पार्टी कांशीराम की सदस्यता ग्रहण कराई।