खाताखेड़ी में वुडकार्विंग कारखाने में आग के बाद जला सामान।
- फोटो : SAHARANPUR
शहर में दो वुडकार्विंग कारखानों में लगी आग
सहारनपुर। शहर में सोमवार को दो जगहों खाताखेड़ी और हबीबगढ़ रोड पर वुडकार्विंग कारखानों में आग लग गई। इससे भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया। दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग से लाखों रुपये का सामान जल चुका था। खाताखेड़ी में हुई घटना के बाद सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कारखाना पहुंचकर पीड़ित को मदद का आश्वासन दिया।
पहली घटना थाना मंडी के खाताखेड़ी क्षेत्र की गली नंबर-40 जैन कालोनी में हुई। यहां टोपिया सराय निवासी मुंतजिर का वुड सिटी नाम से वुडकार्विंग कारखाना है। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कारखाने में अचानक आग लग गई। लोगों ने कारखाने में धुआं उठता देख कारीगरों और फिर मालिक को सूचना दी। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां भी पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। थाना मंडी प्रभारी बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शार्ट सर्किट की स्थिति तो नहीं मिली है।
इसके अलावा थाना कुतुबशेर क्षेत्र के हबीबगढ़ रोड पर भी वुडकार्विंग कारखाने में आग लगी। यहां उत्तम नगर कालोनी में शाकिबका मैसर्स स्टार वुड हैंडीक्राफ्ट कारखाना है। इसमें भी कुछ कारीगरों ने सुबह सात बजे के बाद अचानक आग लगने की सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने करीब पौने घंटे बाद आग पर काबू पाया।