रामपुर मनिहारान में रेलवे फाटक के बीच चालकों की लापरवाही से फंसे वाहन। संवाद
- फाटक बंद होते समय निकलने के दौरान ट्रैक पर फंसे
रामपुर मनिहारान। ट्रेन आने से पहले फाटक बंद करते समय दो चाैपहिया वाहन चालकों ने तेजी के साथ अपनी गाड़ियों को निकालने का प्रयास किया, जिसमें वह अचानक फाटक बंद होने से ट्रैक पर फंस गए। तकनीकी खराबी के कारण 15 मिनट तक फाटक नहीं खुल सका। इसके चलते दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर गाड़ी भी दस मिनट तक रामपुर मनिहारान स्टेशन पर रोकनी पड़ी।
दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 74021 के आने की सूचना पर रामपुर मनिहारान-दिल्ली हाईवे का गेट मैन रेलवे फाटक बंद कर रहा था। इसी दौरान दो वाहन चालकों ने तेजी से अपनी गाड़ियां फाटक से निकालने का प्रयास किया, लेकिन तभी फाटक बंद हो गया। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण फाटक नहीं खुल पाया। इसके चलते दोनों वाहन फाटक के बीच में रेलवे लाइन पर ही फंस गए। इसके बाद ट्रेन को रामपुर मनिहारान स्टेशन पर रोके रखा गया।
करीब 15 मिनट बाद रेलवे कर्मचारियों ने फाटक को बड़ी मुश्किल से खोला और वाहन चालकों को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की हिदायत देकर निकाला। इसके बाद ट्रेन को सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक फाटक बंद रहा। इस कारण फाटक के दोनों ओर वाहनों को लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। इस दौरान धूप में वाहन चालकों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।