गांगनौली शुगर मिल का गोदाम सील करते अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
गांगनौली मिल के दो गोदाम और शीरे के टैंक सील
सहारनपुर। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने शनिवार को गांगनौली स्थित बजाज शुगर मिल के दोनों चीनी गोदामों एवं शीरे के टैंक को सील कर दिया। इन गोदामों में 277871 क्विंटल चीनी रखी है।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि बजाज शुगर मिल द्वारा चीनी बिक्री और एथनॉल की बिक्री की धनराशि को गन्ना मूल्य भुगतान के लिए नहीं देने के कारण ऐसा किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 10 दिसंबर की अंतिम समय सीमा थी। इस पर उन्होंने नीरज, अवनीश और मनोज आदि कर्मचारियों के साथ गांगनौली पहुंचकर चीनी मिल के दोनों गोदामों को सील किया है। इन दोनों गोदामों में रखी 277871 क्विंटल चीनी अनुरक्षण में ली गई। उन्होंने बताया कि अब तक बेची गई चीनी एवं एथनॉल की व्यावर्तित धनराशि के गन्ना मूल्य भुगतान के लिए एस्क्रो एकाउंट में देने के बाद ही चीनी की बिक्री और शीरे का एथनॉल बनाने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए मिल के यूनिट हैड यशराज सिंह और प्रधान प्रबंधक (गन्ना) अनिल चौहान आदि के शर्तनामे पर हस्ताक्षर कराए गए। शर्त यह है कि टैगिंग के नियमों के अनुसार बेचे गए एथनॉल का 55 प्रतिशत और चीनी का 85 प्रतिशत एस्क्रो एकाउंट में गन्ना मूल्य भुगतान के लिए देने के बाद वे स्वयं या उनके प्रतिनिधि गोदामों के ताले खोलेंगे।