नानौता/गंगोह (सहारनपुर)। एक दिन पूर्व दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर रोडवेज बस की चपेट में आकर घायल हुए 24 वर्षीय छात्र की सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान को मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
बता दें कि बुधवार की दुपहर बाद दिल्ली यमुनोत्री हाईवे स्थित ग्राम देवपुरा निवासी बीए का छात्र पंकज पुत्र ओमवीर सड़क से गुजर रहा था। जैसे ही छात्र दिल्ली यमुनोत्री हाईवे स्थित ग्राम चौरा मोड़ पर पहुंचा तो शामली से सहारनपुर जा रही यूपी रोडवेज की बस ने छात्र को टक्कर मार दी। जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र को घायल अवस्था में छोड़कर बस चालक मौके से बस को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर छात्र के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची और सीएससी नानौता पर भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। जहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान पंकज की मौत हो गई। मृतक के ताऊ बिजेंद्र पुत्र मनफूल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर गंगोह के गांव बाढ़ी माजरा निवासी 45 वर्षीय राजकुमार बुधवार की रात नौ बजे सड़क पार कर रहा था। जैसे ही वह सड़क पर पहुंचा पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया। उसे गंभीर हालत में तुरंत सीएचसी ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।