-ओमिक्रॉन की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने कमर कसी
- पांच लोग विदेश से आए, जांच के लिए नमूने लेकर भेजे
- दूसरे राज्यों से आने वाले भी सात दिनों तक रहे क्वारंटीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने विदेश से आने वालों के लिए दिशा निर्देश जारी किए है। एक ओर जहां उन्हें जनपद में आने की सूचना विभाग को देनी होगी। साथ ही सात दिन होमक्वारंटीन रहना होगा। उलंघन करने वाले के विरुद्घ विभाग कार्रवाई करेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने निगरानी समितियों के साथ ही जनपदवासियों से अपील की है कि उनके आस-पड़ोस में बाहरी राज्य से आने वालों की सूचना तुरंत निगरानी समितियों को दें, साथ ही घर से बाहर निकलते समय मास्क को नाक और मुंह पर अच्छे से लगाकर निकलें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा बेवजह भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की भी अपील की है। उन्होंने कहा कि ओमिक्रॉन विदेशों में अधिक फैल रहा है। ऐसे में विदेश से आने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अभी तक 27 लोगों की जांच कराई जा चुकी है, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव रही है। इसके अलावा पांच और लोग विदेश से आए हैं, जिनकी जांच के लिए नमूने लेकर भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि विदेश से आने वाले मरीजों को सात दिन तक होम क्वारंटीन में रहना होगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की ओर से निर्देश मिले हैं कि अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच कराई जाए। निर्देश के अनुपालन में जांच शुरू कर दी गई है। ऐसे यात्रियों से अपील है कि निगेटिव आने के बाद भी वह होम क्वारंटीन में रहें और परिजनों से भी कम से कम 14 दिन की दूरी बनाकर रखें। डॉ. मांगलिक ने बताया कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए कोविड टीकाकरण को बढ़ाने के लिए प्रतिदिन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।