दुकानों में घुसी ट्रैक्टर ट्रॉली
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। सरसावा की ओर से सहारनपुर जा रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर ग्राम बलवंतपुर में दो दुकानों में जा घुसी। इससे दुकान की दीवारें तथा लिंटर टूटकर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि दुकान स्वामी ने एक तरफ कूदकर जान बचाई।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे के करीब ग्राम शाहजहांपुर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर चालक सहारनपुर जा रहा था। जैसे ही चालक ग्राम बलवंतपुर के पास पहुंचा, ट्रैक्टर-ट्रॉली की तेज गति के कारण वह उस पर से नियंत्रण खो बैठा और रेत से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे बीर सिंह की टायर पंक्चर तथा भूरा कबाड़ी की दुकान में जा घुसी। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली को देख दुकानदार अपनी जान बचाने को दुकान छोड़कर भाग खड़े हुए। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दोनों दुकानों की दीवारें तथा लिंटर जमीन पर आ गिरे। दुकानदारों ने फौरन ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया तथा थाने में बैठा दिया। देर शाम तक दोनों पक्षों के लोग समझौता कराने के प्रयास में लगे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद