सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार पुलिस और क्राइम ब्रांच ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी के पांच वाहन और महिला से लूटा गया पर्स व हथियार बरामद हुए।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि चार अक्तूबर की शाम गांव कल्लरहेड़ी निवासी सोनू की कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की न्यू मक्खन कॉलोनी से बाइक चोरी हो गई थी। इसी दिन गागलहेड़ी निवासी डॉ. अजय यादव की बाइक दिल्ली रोड से चोरी हुई। इसके साथ ही एक महिला का पर्स भी बदमाशों ने लूट लिया था। बदमाशों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच और कोतवाली सदर बाजार पुलिस को लगाया गया।
शुक्रवार देर रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे कॉलोनी स्थित सोफिया स्कूल के पास से अनित सिंह उर्फ विराज निवासी न्यू लक्ष्मीपुरम कॉलोनी, हिमांशु कटारिया निवासी आरकेपुरम कॉलोनी व पारस निवासी प्रदीप विहार को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर अन्य चार बाइक, दो चाकू, महिला से लूटा गया पर्स, कागजात, एक आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, दो मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपियों ने कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र से दो बाइक चोरी और लूट की वारदात करना स्वीकार किया।
खंडहर मकान में छिपाकर रखते थे बाइक
आरोपी शातिर वाहन चोर हैं, जो चोरी के बाद आवास-विकास क्षेत्र में स्थित एक खंडहर मकान में चोरी की बाइक छिपाकर रखते थे। आरोपी फर्जी कागजात बनाकर चोरी के वाहन बेचने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों पकड़ लिया।
सीसीटीवी और सर्विलांस के जरिए मिली सफलता
घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही चोरी और लूटे गए मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाया। मोबाइल ऑन होते ही पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे, जिसके बाद मुखबिर को सतर्क कर आरोपियों को पकड़ा गया।