चिलकाना। खनन सामग्री से भरे वाहन की चपेट में आने से गांव धोलाहेड़ी निवासी बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव धौलाहेडी निवासी अरविंद (43) पुत्र दिलीप शनिवार शाम करीब चार बजे बाइक द्वारा अपने गांव से टोडरपुर मिल की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह पठेड़ से बाहर निकला तो सामने से आ रहे खनिज से भरे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसमें अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन पुलिस की सहायता से उसे जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डंपर चालक मौके से अपना वाहन लेकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद