नागल। क्षेत्र में बुखार के प्रकोप के चलते बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में हैं। दो अलग-अलग गांवों में एक महिला समेत तीन लोगों की बुखार से मौत हो गई। तीन मौतों से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों ने गांव में कैंप लगाकर जांच कराए जाने की मांग की है।
गांव गांगनौली में 35 वर्षीय छोटन पुत्र हरदेवा को पिछले आठ दिन से बुखार था जिसकी शनिवार शाम मौत हो गई। वहीं 24 वर्षीय सीमा पत्नी नवीन चार दिन से बुखार की चपेट में थी जो गर्भवती भी बताई जाती है। रविवार शाम उसकी भी सहारनपुर ले जाते वक्त मौत हो गई। गांव चहरौली निवासी 50 वर्षीय मुकर्रम पुत्र मुनफेत तीन दिन से बुखार की चपेट में था। रविवार को नागल अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा गांव शीतला खेड़ा, सोहनचिड़ा, गांगनौली गांव में बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य अधिकारियों से गांवों में स्वास्थ्य कैंप लगाए जाने की मांग की है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. विकास पाल ने बताया कि लगातार इन गांव में स्वास्थ्य टीमें जांच के लिए भेजी जा रही है। गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। सोमवार से टीम को और सक्रिय कर दिया जाएगा।