बिहारीगढ़। एक पखवाड़े पूर्व थाना क्षेत्र में ग्रीन एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड की दीवार आपत्तिजनक शब्द लिखने के मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बता दें कि करीब दो सप्ताह पूर्व हिंदू संगठन से जुड़े लोगों द्वारा यह रोड मुसलमानों के लिए नहीं है लिख दिया गया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सुलेखा निवासी चंद्र नगर, कोतवाली देहरादून, शारदा निवासी भूपखेड़ी मुजाहिदपुर थाना रतनपुरी जनपद मुजफ्फरनगर, हाल निवासी सुभाष नगर थाना क्लेमेंट टाउन देहरादून तथा जितेंद्र राघव निवासी मानव केंद्र सुभाष नगर थाना क्लेमेंट टाउन देहरादून के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई।
थाना पुलिस ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर एसडीएम बेहट के न्यायालय में पेश किया गया है। वहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। उधर इस सारे घटनाक्रम पर हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि उनकी शेरनी बहनों और भाई ने जेल जाकर सनातन को जगाने का काम किया है। जब-जब सनातन की रक्षा के लिए पुरुषों ने अपने हाथ पीछे खींचे तब-तब महिलाओं ने तलवार उठाई है। उन्होंने कहा कि उनका संगठन इस आवाज को दबने नहीं देगा और इस्लाम मुक्त भारत के लिए संघर्ष करता रहेगा।