पेट्रोप पंप पर निरीक्षण करते अधिकारी
- फोटो : DEVBAND
मास्क नहीं लगाने वालों को नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल
सहारनपुर। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए अब जिले के पेट्रोल और डीजल पंपों पर बिना मास्क के फ्यूल नहीं दिया जाएगा। डीएम अखिलेश सिंह ने यह निर्देश दिए हैं। पंपों पर तैनात कर्मचारी भी मास्क लगाकर ही पेट्रोल या डीजल देंगे।
डीएम के निर्देश के बाद जिला पूर्ति विभाग की टीम ने पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्र के नेतृत्व में महानगर के 13 पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। पंपों पर ‘नो मास्क नो पेट्रोल’ लिखे नोटिस चिपकवाए। कोविड गाइडलाइन की जानकारी देने के चलाई जाने वाली ऑडियो की भी जांच की। वहीं देवबंद में एसडीएम राकेश कुमार ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर कहा कि यदि बिना मास्क वाहन चालक को तेल दिया तो कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल-डीजल विक्रेता संघ के दिनेश वर्मा और अतुल सिंघल का कहना है कि कर्मचारियों के साथ ही पंपों पर आने वाले लोगों को भी कोविड गाइड लाइन के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है। वहीं, पूर्ति निरीक्षक दिनेश चंद्र ने डीलरों को निर्देश दिए कि बिना मास्क वाले व्यक्ति को राशन भी न दिया जाए। सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती के साथ पालन किया जाए।