सहारनपुर। दीपावली का त्योहार खुशियों के साथ मनाने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की। मिठाई और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। हर कोई अपने बजट और पसंद को ध्यान में रखते हुए गिफ्ट खरीदने में लगा रहा। इससे दिनभर बाजारों में रौनक दिखाई दी। अच्छा कारोबार होने से कारोबारियों के चेहरे खिल गए।
शहर के कोर्ट रोड, दिल्ली रोड, नेहरू मार्केट, शहीद गंज, भगत सिंह चौक, हकीकतनगर आदि स्थानों पर दीपावली पर सजावट और गिफ्ट की दुकानें सजी हुई थीं, जहां ग्राहकों की भीड़ नजर आई। गिफ्ट आइटम में सबसे ज्यादा ड्राई फ्रूट्स के पैकेट की बिक्री हुई तो चॉकलेट पैकेट, जूस वाले पैकेट, बिस्कुट और नमकीन पैक की भी काफी डिमांड रही। मिठाई में लोगों ने सबसे ज्यादा सोन पापड़ी और पतीसा खूब बिका। इसके अलावा पूजन के लिए फूलों की भी जमकर खरीद की गई। फूल मार्केट में दो फुट की माला 20 रुपये, पांच फुट वाली 60 रुपये की बिकी तो कमल के फूल की कली 50 रुपये तक बिकी।
पटाखों के बाजार में लगी रही भीड़
शहर में पांच स्थानों पर आतिशबाजी की बिक्री की अनुमति रही। इनमें जीआईसी (कन्या) के मैदान, साउथ सिटी मैदान, सर्किट हाउस के सामने स्थित मैदान पर पटाखे खरीदने वालों की भीड़ रही। पटाखा विक्रेता राकेश कुमार ने बताया कि ग्राहक तो खूब आ रहे हैं, लेकिन अपने बजट के अनुसार ही खरीदारी कर रहे हैं। बीते वर्ष की तुलना में करीब 10 प्रतिशत तक दाम महंगा रहा है।
पटाखों के दाम (प्रति पैकेट)
फुलझड़ी -- 20 से 175 रुपये
अनार ----- 30 से 120 रुपये
चकरी ------ 30 से 125 रुपये
रॉकेट -------- 70 से 150 रुपये
हंटर ---------- 30 रुपये
मिनी बुलेट ---- 20 से 50 रुपये
स्काई शॉट --- 195 रुपये
20 पटाखे वाली लड़ी ----- 10
100 पटाखे वाली लड़ी ---- 70 रुपये
1000 पटाखे वाली लड़ी ---- 500 रुपये
2000 पटाखे वाली लड़ी ---- 600 रुपये