Saharanpur News: महावीर कॉलोनी में सराफ संजीव जैन और उनकी पत्नी कमरे में सोते रहे, जबकि चोर पूरी रात घर में रहकर माल समेटते रहे। सुबह आराम से चोरी कर निकल गए। एक आरोपी मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कोतवाली मंडी पुलिस ने महावीर कॉलोनी में सराफ संजीव जैन के घर हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 40 से 45 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में आया कि चोर एग्जॉस्ट फैन के रास्ते घर में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया। उस समय सराफ दंपती भी घर सो रहे थे।
विज्ञापन
Trending Videos
17 नवंबर को महावीर कॉलोनी में सराफ संजीव जैन के घर में चोरी हो गई थी। सराफ ने घर से हाथ के कड़े, गले का सेट, तीन-चार अंगूठियां, लॉकेट और चेन, पायल, सोने-चांदी के सिक्के, चांदी के पूजा के कलश और अन्य सामान के साथ नकदी चोरी होना बताया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। तीन टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। उनमें कुछ संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने उनकी पहचान की। वाहनों के नंबरों की जांच की गई।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने बाबा लालदास रोड पर कब्रिस्तान के पास से चोना उर्फ मुजम्मिल निवासी मदीना कॉलोनी मुजफ्फरनगर, सलीम निवासी मिलापनगर रुड़की को गिरफ्तार किया। यह दोनों आरोपी हाल ही में पयरो वाला मोहल्ला कोतवाली मंडी और कठहल कॉलोनी खाताखेड़ी में रह रहे थे। पूछताछ में आया कि दोनों आरोपी मकान के पीछे की तरफ बनी दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद किचन में लगे एग्जॉस्ट फैन को हटाकर रास्ता बनाया और घर में घुस गए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी पूरी रात मकान के अंदर रहे और चोरी करते रहे, जबकि मकान मालिक संजीव जैन और उनकी पत्नी प्रगति जैन नीचे के कमरे में सोते रहे। घर में किसी को आरोपियों की मौजूदगी की भनक तक नहीं लगी। सुबह होने पर दोनों आरोपी चोरी का माल समेटकर भाग गए।
यह सामान हुआ बरामद
मोती लगे चार सोने के कड़े, सोने का पेंडेंट, कानों के टॉप्स, सोने का सिक्का, चांदी के 19 सिक्के, पायल, पांच जोड़ी बिछुए, तीन हाथ की घड़ियां, चांदी का गिलास, लॉकेट, तीन कलश, पानी की टंकी की 12 टोंटियां और सोने का डिनर सेट शामिल है। इसके अलावा एक हुडी, तीन बैग, घटना में इस्तेमाल प्लायर्स और बाइक भी बरामद हुई है।
मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर है एक आरोपी
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार चोना उर्फ मुजम्मिल शातिर नकबजन है। मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी सलीम के खिलाफ भी सहारनपुर के कुतुबशेर थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज है।