गांव फिरोजाबाद में जांच करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। गांव फिरोजाबाद में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव फिरोजाबाद में रात्रि में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और परिजन शव को सुपुर्दे खाक करने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश भारती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए तथा जांच पड़ताल शुरू कर दी। संदिग्ध मौत की जानकारी मिलते ही सीओ सदर अजेंद्र यादव तथा एसपी सिटी राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए तथा चिलकाना पुलिस एवं लोगों से मृतक के बारे जानकारी प्राप्त की।
जिस समय पुलिस गांव में पहुंची उस समय परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को नहला रहे थे। मौत को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएफएल टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। सीओ ने बताया कि मृतक खुरशैद पुत्र मकसूद मूल रूप से कैराना का रहने वाला था तथा पिछले 30 वर्षों से परिवार के साथ गांव फिरोजाबाद में रहकर ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था। मृतक के गले पर नीला निशान पड़ा हुआ था। घर के अंदर सोई हुई पत्नी ने रात करीब एक बजे बाहर आंगन में सोये अपने पति को चारपाई पर मरा हुआ देखकर अन्य लोगों को जानकारी दी। मृतक की शादी दो साल पहले हुई थी तथा उसकी एक छह माह की बच्ची है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि शव को देखकर लगता है कि हत्या हुई है। पुलिस घटना की तहकीकात कर रही। फारेंसिक टीम भी अपना काम कर रही है। जल्दी ही हत्याकांड को खोल दिया जाएगा।
मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़- फोटो : SAHARANPUR