छुटमलपुर (सहारनपुर)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में डबल इंजन स्टार्ट नहीं हो सका है। पीएम मोदी उत्तराखंड आए और बिना कुछ दिए चले गए। लखीमपुर खीरी प्रकरण पर कहा भाजपा में सच बोलने की सजा गाड़ी से कुचल कर दी जाती है।
देहरादून से चंडीगढ़ जाते वक्त अपने निकट सहयोगी उत्तराखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के पूर्व निदेशक मो. मुजतबा के अनुरोध पर रुके हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की आर्थिक व्यवस्था जर्जर हो चुकी है। प्रधानमंत्री यदि पैकेज दे जाते तो यहां के निवासियों के लिए संजीवनी का काम करता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने काले कृषि कानून किसानों पर थोप कर उन्हें बरबाद करने की साजिश रची है।
हरीश रावत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अघोषित आपात काल लागू है। उन्होंने कहा लखीमपुर खीरी की घटना दिल दहलाने वाली है। सरकार को चाहिए कि वह दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का काम करे। पंजाब के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पंजाब में सब ऑल इज वैल है। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर प्रधान नासिर अली, फरमान मलिक, राव यूसुफ, फैसल मिर्जा, आकाश गुप्ता, लुकमान मलिक, अरशद मलिक, डॉ. नासिर अली, सैयद मोनिस, असलम खेड़ी, अरविंद कांबोज, नौशाद अली, मोहसिन अली आदि ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का माल्यार्पण कर स्वागत किया।