साड़ी कारोबारी के घर चोरी करने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार पुलिस और एसओजी ने मिशन कंपाउंड में साड़ी कारोबारी के घर 40 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम देेने वाले पांचवें बदमाश को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की ओर से चली गोली बदमाश की टांग में लगी, जिससे वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि शनिवार की देर रात कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह और एसओजी टीम प्रभारी जयवीर सिंह दिल्ली रोड पर कांशीराम तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी समय दो युवक बाइक पर आए और पुलिस को देखकर भागने लगे। एसओजी ने पीछा किया तो एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। एक बदमाश की टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कैलाश पुत्र गौरे निवासी आदर्श ग्राम पालिका जिला डोटी नेपाल बताया है, जबकि फरार साथी का नाम सोनू निवासी नेपाल बताया। आरोपी ने बताया कि अपने चार अन्य नेपाल निवासी साथियों के साथ मिलकर मिशन कंपाउंड में साड़ी कारोबारी दुर्गेश ग्रोवर के घर पर चोरी की थी, जिसमें उन्हें काफी पैसा और सोने के जेवरात मिले थे। आरोपी के पास से 51 हजार की नकदी और सोने के कुछ जेवरात बरामद हुए हैं। फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
अमर बहादुर को रखवाया था नौकरी पर, कैलाश है मास्टरमाइंड
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि मिशन कंपाउंड निवासी दुर्गेश ग्रोवर के घर पर कैलाश नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पूर्व उसने नौकरी छोड़ दी थी और अपनी जगह अमर बहादुर को नौकरी पर रखवा दिया था। कैलाश ने ही चोरी प्लान बनाया था और कहा था कि जिस दिन व्यापारी घर से बाहर जाएगा तब अन्य साथियों के साथ वारदात को अंजाम देंगे। एसएसपी ने बताया कि कैलाश ही मास्टरमाइंड है। अमर बहादुर सहित चार बदमाशों को पुलिस पहले ही दबोच चुकी है।