सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित मिल रहे मरीजों का आंकड़ा बेशक बीते वर्ष की तुलना में छह गुना से अधिक हो, लेकिन संक्रमण दर 2.5 फीसदी है, जबकि उत्तर प्रदेश में संक्रमण दर 0.5 फीसदी से अधिक है। ऐसे में कहा जा सकता है कि सहारनपुर में प्रदेश के कई जनपदों से कोरोना संक्रमण कम है।
जनपद में कोरोना की तीसरी लहर की शुरुआत 24 नवंबर 2021 से हुई थी। इस दिन देवबंद के एक गांव में गर्भवती और उसका डेढ़ साल का बच्चा संक्रमित आया था। इसके बाद 31 दिसंबर 2021 तक कुल 27 नए मरीज मिले। तीसरी लहर में जनपद में अभी तक 5,463 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। यानी 27 दिन में 5,433 कोरोना संक्रमित मिले हैं। बीते वर्ष की तुलना में जनवरी माह में मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या छह गुना से अधिक है, लेकिन इसके बावजूद तीसरी लहर में कोरोना की संक्रमण दर 2.5 फीसदी है। हालांकि बीते कुछ दिन से प्रतिदिन छह से आठ फीसदी तक संक्रमण दर चल रही है। 26 जनवरी को 192 कोरोना संक्रमित मिले थे। 26 जनवरी को एक दिन की संक्रमण दर 7.52 फीसदी रही थी, लेकिन तीसरी लहर में ओवरऑल संक्रमण दर 2.5 फीसदी ही है।
प्रतिदिन होती है करीब पांच हजार जांच
जनपद में प्रतिदिन 4 से 5 हजार कोरोना जांच का लक्ष्य है। जांच के लिए शहर में चार केंद्र बनाए गए हैं, जबकि देहात में सभी सीएचसी, पीएचसी और राजकीय मेडिकल कॉलेज में जांच सुविधा है। नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि प्रतिदिन पांच हजार और उससे अधिक तक जांच हो रही हैं। छुट्टियों या बरसात के दिनों में जरूर जांच कम हुई हैं।
जनपद में तीसरी लहर में कोरोना की संक्रमण दर 2.5 फीसदी है। हालांकि इन दिनों प्रतिदिन की संक्रमण दर छह से आठ फीसदी तक चल रही है। प्रयास यही है कि संक्रमण को कम किया जाए। लोगों को भी चाहिए कि वह कोरोना से बचाव के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ