सहारनपुर। डीजल के बढ़ते भाव का असर माल भाडे़ पर जल्द ही दिखाई देगा। जनपद के ट्रांसपोर्टर्स ने अभी तक स्थानीय माल भाडे़ में वृद्धि नहीं की है, लेकिन लंबे रूट के भाड़े में बढ़ोतरी की गई है। ट्रांसपोर्टर्स का कहना है कि डीजल की बढ़ते भाव के चलते उन्हें घाटे का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए भाड़े में बढ़ोतरी करना उनकी मजबूरी होगी।
चुनाव के बाद से डीजल, पेट्रोल के रेट में इजाफा हो रहा है। डीजल के बढ़े भाव का असर ट्रांसपोर्ट कारोबार पर पड़ रहा है। डीजल के रेट बढ़ने से घाटे का सौदा बने परिवहन कारोबार को बचाने के लिए ट्रांसपोर्टर्स माल भाड़े में बढ़ोतरी करने पर मंथन कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय रूट के माल भाडे़ में अभी तक कोई वृद्धि नहीं की है, जबकि सहारनपुर से कानपुर के दस टन के ट्रक के माल भाडे़ में एक हजार रुपये और यहां से दिल्ली के भाड़े में करीब तीन सौ रुपये की वृद्धि हुई है।
सहारनपुर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रित चावला का कहना है कि डीजल के रेट में लगातार हो रही वृद्धि से ट्रांसपोर्ट कारोबार पर विपरीत असर पड़ रहा है। इसके चलते यह कारोबार घाटे का सौदा बन गया है। चुनाव से पहले जब डीजल 99 रुपये तक पहुंच गया था, तब भी किराया नहीं बढ़ाया था। अब माल भाड़े में बढ़ोतरी करना परिवहन कारोबारियों की मजबूरी होगा। जनपद में करीब 20 हजार व्यावसायिक वाहन हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टर्स के लिए ट्रकों के मेंटीनेंस से लेकर बैंकों की किस्त देकर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
भाड़ा बढ़ेगा तो बचेगा परिवहन कारोबार
डीजल का रेट बढ़ने के बावजूद ट्रांसपोर्टर्स ने अभी तक लोकल रूट पर भाड़ा नहीं बढ़ाया है। हालांकि लंबे रूट पर भाडे़ में कुछ वृद्धि की गई है। ऐसा परिवहन कारोबारियों की प्रतिस्पर्धा के चलते हो रहा है। घाटे में चल रहे परिवहन कारोबार को बचाने के लिए माल भाड़े में बढ़ोतरी करनी होगी। - सरदार पीपी सिंह, परिवहन कारोबारी।
कारोबार पर पड़ रहा विपरीत असर
पिछले दिनों से डीजल के भाव में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन देहरादून, रुड़की, हरिद्वार आदि स्थानीय रूट के माल भाड़े में कोई इजाफा नहीं किया गया है। जिससे परिवहन कारोबारियों को घाटे का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि लंबे रूट के माल भाडे़ में वृद्धि की गई है। - ललित पोपली, परिवहन कारोबारी।
आम आदमी की जेब पर पडे़गा असर
माल भाड़े में वृद्धि होने का असर विभिन्न वस्तुओं के रेट पर पडे़गा। जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। इससे पहले से ही महंगाई का सामना कर रहे आम आदमी की आर्थिक स्थिति और प्रभावित हो जाएगी।
बीते दिनों बढ़े डीजल के दाम
दिनांक--------- डीजल----------पेट्रोल रुपये प्रति लीटर
21 मार्च- 87.67 96.17
22 मार्च- 88.04 96.52
23 मार्च 89.07 97.56
24 मार्च- 89.34 97.84
25 मार्च- 90.00 98.49
26 मार्च- 90.79 99.27
27 मार्च- 90.97 99.39