कलेक्ट्रेट परिसर में दसवीं के मेधावियों के साथ जिलाधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। दसवीं और 12वीं के मेधावियों को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में बुलाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी मेधावियों को फूल मालाएं पहनाकर और इनाम में पेन देकर सफलता की बधाई दी और भविष्य में बेहतर और सफल इंसान बनने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेधावियों से बात भी की।
शनिवार की शाम पांच बजे दसवीं और 12वीं के मेधावियों को कलक्ट्रेट बुलाया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त मेधावियों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। मेधावियों के साथ उनके परिजन भी पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने पहले 12वीं के टॉपर्स को एक एक कर फूल मालाएं पहनाई और सफलता की बधाई दी। इसके बाद दसवीं के विद्यार्थियों को मालाएं पहनाकर बधाई दी गई। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बात कर उनकी भविष्य की प्लानिंग भी पूछी। 12वीं के रितिक से पूछा कि आप आगे चलकर क्या बनना चाहते हो। रितिक ने बताया कि वह आईएएस अधिकारी बनेगा। जिलाधिकारी ने पूछा आईएएस ही क्यों बनना चाहते हो। उन्होंने मजाकिया मूड में कहा कि इसलिए बनना चाहते हो, क्योंकि अधिकारी की एक हवा होती है। इस पर सभी ठहाके लगाकर हंसे। इसके बाद जिलाधिकारी ने रितिक को शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी के हाथों सम्मानित होने वालों में मानसी सिंघल, राधिका गुप्ता, शिवानी, श्रुति, पलक, शुभम, वंश, रितिक, मेघा पुंडीर, निशांत, अनु, यश, मयंक, सूर्यप्रताप, समर आदि शामिल रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त के साथ मेधावी।- फोटो : SAHARANPUR