हाई स्कूल में जिले में तीसरे स्थान पर आने वाला मयंक
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में टॉप टेन की सूची में जनपद में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाने वाली राधिका गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों तथा माता-पिता के सहयोग को दिया।
सरसावा क्षेत्र के ग्राम शाहजहांपुर निवासी तथा किसान मजदूर इंटर कॉलेज की दसवीं की छात्रा राधिका गुप्ता ने सफलता का परचम लहराते हुए पूरे जिले में तृतीय स्थान प्राप्त किया। राधिका ने 91.17 प्रतिशत अंक हासिल किया। गांव के सामान्य परिवार की बेटी राधिका गुप्ता ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि उसकी सफलता में विद्यालय के स्टाफ तथा माता-पिता के सहयोग की सबसे बड़ी भूमिका रही। पिता कमल गुप्ता ने उन्हें लगातार प्रेरित किया। सामान्य परिवार होते हुए उसकी शिक्षा में कोई कमी नहीं रखी। राधिका ने अपने दादाजी मांगेराम गुप्ता को भी अपना प्रेरणा स्त्रोत बताया है।
किसान के बेटे मयंक ने पाई कामयाबी
अंबेहटा। हाईस्कूल परीक्षा में सरदार अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र रणदेवा गांव निवासी मयंक कुमार ने जिले में संयुक्त् रुप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु जनों व परिवार को देते हुए भविष्य में इंजिनियर बनने की बात कही है। पिता संजय प्रजापति छोटे से किसान है। उनके परिवार में मयंक के अलावा पत्नी व दो बेटियां हैं। मयंक कुमार ने बताया कि वह विद्यालय में पढ़ाई के अलावा घर पर सात घंटे पढ़ाई करता था। उसके परिवार ने इस कार्य में उसका पूरा सहयोग किया। संजय ने बताया कि उसकी बड़ी बेटी साक्षी बीएड व छोटी बेटी अक्षिता कक्षा आठ की छात्रा है। मयंक की सफलता पर माता शिक्षा देवी सहित परिवार के लोगों ने मयंक को मिठाई खिलाकर बधाई दी है। नरेश शर्मा, प्रधानाचार्य ब्रज गोपाल यादव, ग्राम प्रधान सुनील कुमार, पूर्व प्रधान विजय पाल भट्ट, सतीश चन्द्र आदि ने भी मयंक को बधाई दी।
हाई स्कूल में जिले में तीसरा स्थान पाने वाले मयंक को मिठाई खिलाते परिजन- फोटो : SAHARANPUR
परिजनों संग जिले में हाई स्कूल तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली राधिका गुप्ता- फोटो : SAHARANPUR