सहारनपुर जनपद के गंगोह में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। उधर, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। बताया गया कि युवक अपने गांव जा रहा था, इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
बुधवार शाम नकुड़ के गांव बाधी निवासी 22 वर्षीय शेखर पुत्र बिजेंद्र बाइक से नानौता से आ रहा था। जिस समय वह नई अनाज मंडी के नजदीक पहुंचा तो पीछे से बाइक पर ही आ रहे दो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली शेखर की पीठ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।
वहीं घायल को तत्काल सीएचसी भेज दिया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। अभी तक यह पता नहीं लग सका कि हमलावर कौन थे और उन्होंने गोली क्यों चलाई? सीओ चंद्रपाल शर्मा का कहना है कि दो अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है।