सहारनपुर। विनय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। दोस्तों ने ही पुराने झगड़े की रंजिश और दो हजार रुपये न देने के विवाद में विनय को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हरिनगर निवासी विनय (16) पुत्र शिव कुमार की हत्या के मामले में प्रवीन उर्फ रेंचू पुत्र प्रीतम, अंकुर उर्फ धनंजय और सोनू उर्फ गोला निवासी गांव लक्कड़ माजरा कोतवाली सदर बाजार को सर्किट हाउस रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी विनय के दोस्त थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विनय ने कुछ समय पूर्व अंकुर की पिटाई की थी और प्रवीन के दो हजार रुपये उसे देने थे। इसी के चलते वह रंजिश रखते थे। अपने तीसरे साथी सोनू को भी विनय को मारने के लिए उन्होंने अपने साथ में लिया था। 14 सितंबर की दोपहर वह विनय को अपने साथ ले गए थे। पहले उसे बीयर पिलाई और फिर गांव रेहड़ीमलपुर के पास ले गए, जहां पहले विनय की पिटाई की और फिर चाकू से हमला किया, लेकिन इसके बाद भी विनय नहीं मरा तो लोहे की तार से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी, जिसके बाद शव को वहीं जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने एक बाइक, चाकू, विनय की चप्पल व लोहे की तार भी आरोपियों के पास बरामद कर लिए हैं।
वारदात स्थल पर मिली आरोपियों की लोकेशन
एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में 12 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से प्रवीन, अंकुर और सोनू की लोकेशन 14 सितंबर को वारदात स्थल पर ही मिली, जहां से विनय का शव बरामद हुआ था। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या करना स्वीकार किया।
देखने में लग रहे नाबालिग, छात्र है अंकुर
विनय की उम्र 16 साल थी। पकड़े गए आरोपी भी देखने में नाबालिग लग रहे हैं, लेकिन एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि सभी आरोपी बालिग हैं। इनमें अंकुर कक्षा 12 में पढ़ता है।