-------अमर उजाला इंपैक्ट--------
-वीसी ने जांच समिति बनाने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ट्रांसपोर्टनगर में स्वीकृत मानचित्रों के विपरीत हुए निर्माण कार्यों की जांच होगी। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंताओं रहेंगे। इसके बाद से संबंधित आवंटियों में खलबली है।
ट्रांसपोर्टनगर सहारनपुर विकास प्राधिकरण की अपनी योजना है, जो करीब 17 वर्ष पहले शुरू की गई थी, लेकिन ट्रांसपोर्टनगर आज तक पूरी तरह बस नहीं सका है। जो ट्रांसपोर्टर वहां स्थापित हुए हैं उनमें से भी कइयों ने नक्शे के विपरीत निर्माण कर ट्रांसपोर्टनगर को प्रभावित किया है। कई आवंटियों ने गोदाम की जगह दुकानें बनाकर खड़ी कर दी हैं, लेकिन विकास प्राधिकरण मनमाने निर्माण रोकने में नाकाम साबित हुआ है, जिनमें सबसे पहली गलती संबंधित अवर अभियंताओं और मैट की है। अमर उजाला ने दो अप्रैल के अंक में मनमाने निर्माणों के समाचार को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था, जिसके बाद विकास प्राधिकरण हरकत में आया है। मानचित्रों के विपरीत हुए निर्माण की जांच कराई जा रही है, जिसके लिए समिति बनाने के निर्देश उपाध्यक्ष ने दिए हैं। उन्होंने समिति में अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंताओं को रखने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में संबंधित आर्किटेक्ट, भूखंड आवंटियों तथा अवर अभियंताओं और मेट में खलबली मची है।
------
ट्रांसपोर्टनगर में यदि किसी आवंटी ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया है तो वह गलत है। मनमाने निर्माणों की जांच के लिए समिति बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता शामिल रहेंगे।
आशीष कुमार, उपाध्यक्ष, सहारनपुर विकास प्राधिकरण।