सहारनपुर। मोहल्ला प्रेमनगर में चोरों ने दिनदहाड़े ताले तोड़कर श्री शिव मंदिर को खंगाल दिया। चोर मंदिर का दानपात्र उड़ा ले गए, जिसमें करीब 60 हजार रुपये बताए गए है। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना को लेकर पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखी है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी बृजनंदन शर्मा ने बताया कि मोहल्ले के ही श्री शिव मंदिर में अधिष्ठाता है। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे वह घर पर भोजन करने गए थे। वह जब शाम चार बजे मंदिर में लौटे तो ताले टूटे पड़े मिले और मंदिर में रखा सामान बिखरा पड़ा था। इसके साथ ही दानपात्र और अन्य सामान भी गायब मिला। बृजनंदन का कहना है कि दानपात्र में 55 सक 60 हजार रुपये थे। चोर उनका मोबाइल फोन भी उड़ा ले गए। पता लगने पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस देख रही है। जल्द चोरों को पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
एक माह पूर्व चोरी हुई बाइक के साथ दो पकड़े
सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम से एक माह पूर्व चोरी हुई बाइक के साथ कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक चला रहे थे। सीओ नीरज ने बताया कि 14 अप्रैल को नगर कोतवाली क्षेत्र में आर्य कन्या जूनियर हाईस्कूल के निकट रहने वाले विपिन कुमार की आंबेडकर स्टेडियम से बाइक चोरी हो गई थी। मंगलवार को क्षेत्र में ही पुलिस ने चेकिंग के दौरान आदित्य पुत्र सोमदत्त व मोहित पुत्र नरेश निवासी गांव चचरोली वजीराबाद जनपद मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोर विपिन कुमार की बाइक बरामद हुई, जिसे आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे।