नानौता (सहारनपुर)। डेंगू जैसे बुखार के लक्षणों से पीड़ित 13 वर्षीय छात्र ने हायर सेंटर में दम तोड़ दिया। क्षेत्र में तीन दिन में बुखार से यह दूसरे छात्र की मौत हो गई हैं।
नगर के मोहल्ला छत्ता निवासी मोनू अरोड़ा ने बताया उसका बेटा कृष्णा (13) नगर के सीबीएसई स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। पांच दिन पहले उसे बुखार आया तो नगर में निजी चिकित्सक से इलाज कराया । इसके बाद हालत में सुधार न होने पर सहारनपुर निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर छात्रों को देहरादून स्थित एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता मोनू कुमार ने बताया मेडिकल जांच में कृष्णा को डेंगू की पुष्टि हुई थी।
बता दें कि इससे पूर्व ग्राम लंढोरा में भी 13 वर्षीय आर्यन वत्स पुत्र सोनू वत्स, गांव आभा निवासी 55 वर्षीय निरंजन पुत्र दुलीचंद तथा गांव की ही 60 वर्षीय श्यामकली की डेंगू जैसे लक्षणों के चलते मौत हो चुकी है। संवाद