गंगोह। गीताज्ञान संस्कार एकेडमी में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ की सभा हुई, जिसमें सरकार से फीस प्रतिपूर्ति भुगतान की मांग उठाई गई। सभा में सर्वसम्मति से प्रवेश सैनी को जिला प्रभारी मनोनीत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि संगठन मान्यता प्राप्त स्कूलों के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने सरकार से 2016 से लंबित फीस प्रतिपूर्ति के लगभग 1000 करोड़ रुपये का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों के शिक्षकों को सरकारी कार्यों के लिए बाध्य न किया जाए। डॉ. मलिक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में यदि निजी स्कूल न हों तो लगभग 50 प्रतिशत बालिकाएं शिक्षा से वंचित रह जाएंगी। उन्होंने मांग की कि स्कूली बच्चों के डाटा संशोधन का अधिकार स्कूलों को दिया जाए ताकि आधार, जन्म प्रमाणपत्र व अन्य दस्तावेजों में त्रुटियों को सुधारा जा सके।
मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता और संजय गुप्ता ने कहा कि सरकार को ग्रामीण स्कूलों के लिए मान्यता मानकों में सहजता लानी चाहिए। अध्यक्षता यामीन भारती व संचालन संजय गुप्ता ने किया। विक्रांत शर्मा, महिपाल सिंह, गौरव शर्मा, विनोद कुमार आदि रहे।