संवाद न्यूज एजेंसी
छुटमलपुर। सुंदरपुर-शाकंभरी देवी मार्ग पर कुरड़ीखेड़ा में रविवार सुबह बाजार में व्याप्त अतिक्रमण के चलते जाम लग गया। जाम में सिद्धपीठ जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही खैरी फायरिंग रेंज जा रही सेना की गाड़ियों का काफिला भी फंस गया। मशक्कत के बाद सेना के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से जाम खुलवाया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इस मार्ग पर कुरड़ीखेड़ा में सड़क के दोनों तरफ बाजार है। बाजार में दुकानदाराें द्वारा अपना सामान बाहर निकाल कर अतिक्रमण किया हुआ है। रही सही कसर बाजार में खरीदारी करने आने वाले अपने वाहनों को सड़क पर ही आड़े तिरछे लगा कर पूरी कर देते हैं। रविवार सुबह 11 बजे इस मार्ग पर जाम लग गया। रविवार होने के कारण सिद्धपीठ जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की भी अच्छी खासी संख्या थी। देहरादून की तरफ से आने वाले सभी यात्री इसी मार्ग से सिद्धपीठ जाते हैं। दूसरी तरफ सेना की खैरी फायरिंग रेंज जा रही जवानों की गाड़ियों का काफिला भी इस जाम में फंस गया। अचानक से ज्यादा वाहन गांव में आने से जाम की स्थिति बदतर हो गई। कुछ ही देर में दोनों तरफ गांव के बाहर तक वाहनों की लाइन लग गई।
सेना के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह डेढ़ घंटा बाद जाम खुलवाया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों जितेंद्र सैनी, मुहम्मद खालिक, रिजवान अहमद, विनोद नायक, अनिल सैनी आदि का कहना है कि बाजार में सड़क कम चौड़ी है, जिसे अतिक्रमण करके और संकरा बना दिया गया है। उन्होंने अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।