सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल के वार्ड में बुधवार को जो नजारा दिखा वह व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला था। बेड पर मरीज भर्ती है, लेकिन उनके आसपास फैली गंदगी से बचने के लिए तीमारदारों को खुद सफाई का मोर्चा संभालना पड़ रहा। तीमारदार हाथ में वाइपर लेकर सफाई करते नजर आए। मानदेय की मांग को लेकर सफाईकर्मियों की हड़ताल के चौथे दिन वार्डों में कूड़े के ढेर लग गए। जिम्मेदार आश्वासन पर आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन लचर व्यवस्था के आगे मरीज और तीमारदार दोनों बेबस है।
एसबीडी जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। इसके चलते अस्पताल की सफाई व्यवस्था बेपटरी हो गई है। वार्डों की हालत खराब हो गई। इमरजेंसी, मेडिकल, न्यू मेडिकल, ईएनटी वार्ड और उनके बाहर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। डस्टबिन फुल हो गए। कूड़ा बाहर आ गया है। वार्डों में भर्ती मरीजों को लगने वाली ग्लूकोज की बोतल भी बेड के नीचे पड़ी हुई हैं।
शौचालयों से दुर्गंध उठने लगी। हाल यह है कि मरीजों को फैली गंदगी के बीच जिला अस्पताल में इलाज कराना मुश्किल हो गया है। स्टाफ भी परेशान है। वहीं, कूड़ा नहीं उठने के कारण अब संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा मंडराने लगा है। अस्पताल प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी सफाईकर्मी हड़ताल से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। लिहाजा गंदगी से आजिज आकर तीमारदारों ने सफाई की कमान खुद ही संभाल ली है। बुधवार को मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज की तीमारदार ने बेड के आसपास सफाई की। संक्रमण से बचाव के लिए पोछा भी लगाया।
चौथे दिन भी नहीं ली सुध
सफाईकर्मियों का कहना है कि दो माह का मानदेय जल्द आने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बुधवार तक भी मानदेय सफाईकर्मियों के खातों में नहीं पहुंचा है। ऐसे में सफाईकर्मियों को परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। चौथे दिन भी सुपरवाइजर राजकुमार, राजेश, सफाईकर्मी आकाश, विजय, जसबीर, नवीन, पीयूष, प्रदीप, रेशमा, अंशु, रहमानी, इकराम, पूनम, सुषमा, बबीता, सुनीता आदि सफाईकर्मियों ने हड़ताल कर धरना-प्रदर्शन किया।
-
सफाईकर्मियों का मानदेय जल्द आ जाएगा। इसे लेकर उन्हें समझाया जा रहा है। कहा गया कि काम पर लौट आए। जैसे ही भुगतान जारी होगा, उनके खातों में भेज दिया जाएगा।
डॉ. रविप्रकाश, प्रमुख अधीक्षक, एसबीडी जिला अस्पताल