सहारनपुर। होली पर्व के मद्देनजर चलाए जा रहे अभियान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग टीम ने मसाला फैक्टरी पर छापा मारा, जो बिना लाइसेंस संचालित हो रही थी। फैक्टरी को सील करते हुए 499 किलो खाद्य सामग्री सीज की, जिसकी कीमत करीब 1.19 लाख रुपये है।
सहायक आयुक्त द्वितीय मनोज वर्मा व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला ने नेतृत्व में टीम ने जहूरी मस्जिद के पास संचालित अजीम की मसाला फैक्टरी पर छापा मारा। जांच के दौरान निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था, स्वच्छता और कच्चे माल की गुणवत्ता परखी गई। मौके से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर के तीन नमूने जांच के लिए संग्रहीत किए गए। बिना समुचित लेबलिंग और अभिलेखों के बड़ी मात्रा में मसाला भंडारित मिला।
टीम ने 168 किलो हल्दी पाउडर और 331 किलो मिर्च पाउडर सहित 499 किलो खाद्य सामग्री को सीज किया। फैक्टरी के पास लाइसेंस या पंजीकरण नहीं मिलने पर पूरे निर्माण परिसर को सील कर दिया गया। इसके अलावा टीम ने इब्राहिम कॉलोनी खाताखेड़ी स्थित शौकीन मलिक के प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां से रंगीन कचरी और बेसन (सरसों तेल सहित प्रयुक्त सामग्री) के नमूने जांच के लिए लिए गए। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार, जगदंबा प्रसाद, जवाहर लाल आदि रहे।